नारायण मेडिकल कॉलेज में व्हाइट कोट सेरेमनी, छात्रों ने ली सेवा की शपथ
White Coat Ceremony at Narayan Medical College; students take an oath of service.

जमुहार(रोहतास): नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में नवप्रवेशी मेडिकल छात्रों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी का आयोजन किया गया। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के देव मंगल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके पेशेवर दायित्वों और नैतिक मूल्यों से अवगत कराया गया। इस दौरान छात्रों ने बिना किसी भेदभाव के पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने की शपथ ली।

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। मेडिकल काउंसिल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा, जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का महत्व समझाना था।

GNSU Admission Open 2026

समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि चिकित्सक समाज का एक महत्वपूर्ण अंग होते हैं। उनके ऊपर मरीजों और समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने का आह्वान किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि उनकी शैक्षणिक यात्रा में विश्वविद्यालय प्रबंधन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में नारायण मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पुनीत कुमार सिंह ने अतिथियों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने व्हाइट कोट सेरेमनी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सफेद कोट केवल चिकित्सा पेशे की पहचान नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक भी है।

समारोह को प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश सिंह, कुलाधिपति के सलाहकार डॉ. महेंद्र कुमार सिंह और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शंकर सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने की सलाह दी।

इस अवसर पर चिकित्सा निदेशक डॉ. आकांक्षा सिंह, कुलसचिव डॉ. कुमार आलोक प्रताप, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह, छात्र कल्याण डीन डॉ. आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, वरिष्ठ शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह और एनएमसीएच के शिक्षक डॉ. विकास कुमार ने किया।