
पटना: बिहार में मौसम ने करवट ले ली है। पटना समेत कई जिलों में गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। रविवार से चल रही हवा ने तापमान में गिरावट लाई है मौसम विभाग ने आठ अप्रैल तक बिहार के कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज यानि सोमवार को मौसम विज्ञान केंद्र ने कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर और बक्सर जिले में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश मेघ गर्जन और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है इसीलिए सावधानी जरूर बरतें। मौसम विभाग ने आज औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बांका और भागलपुर तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने 6 से 7 अप्रैल के बीच तिरहुत, पटना, मगध, सारण, मुंगेर, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया प्रमंडल के जिलों में एक से दो स्थानों पर बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। बिहार में मौसम का मिजाज आंशिक रूप से बदला हुआ नजर आया। बीते 24 घंटों के दौरान पटना, गया और नवादा जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान कुछ जिलों में तेज हवाओं ने भी असर दिखाया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस से 38.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस से 26.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिसमें सबसे कम तापमान सहरसा के अगवानपुर में 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों में बिहार के अनेक भागों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान 2 से 4 डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। वही अगले दो से तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में पटना और सीवान जिलों में अधिकतम 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वर्षा के आंकड़ों में बांके बाजार में 2.0 मिमी, फतुहा में 1.8 मिमी, नवादा में 0.6 मिमी और दनियावां में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। आज भी पटना समेत कई इलाकों सुबह से ही तेज हवा चल रही है।






