गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के सामने तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी निवासी बासुदेव साव (70 वर्ष) और लखिया देवी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, धनपत साव (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों मजदूर रोज की तरह सुबह पैदल माखमरगो की ओर मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने सड़क पर जमा होकर वाहन चालकों की लापरवाही पर नाराजगी जताई और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सतर्कता बरतने की अपील की है, वहीं हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।







