सासाराम। जिले से राहत और संवेदनशीलता से जुड़ी खबर सामने आई है, जहां तीन अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया परिवार मिला। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने CARA के निर्धारित नियमों और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीनों बच्चों को उनके नए माता-पिता को सौंपा।
बच्चों को गोद लेने के लिए तीन अलग-अलग राज्यों से परिवार सासाराम पहुंचे थे। इनमें हरियाणा के गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और झारखंड के हजारीबाग के परिवार शामिल थे। सभी मामलों में निर्धारित पात्रता, जरूरी दस्तावेज, गृह अध्ययन और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं की जांच पूरी करने के बाद बच्चों को उनके नए अभिभावकों को सौंपा गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नए माता-पिता से बच्चों का पालन-पोषण प्रेम, स्नेह और संवेदनशीलता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को परिवार का सुरक्षित और बेहतर माहौल मिलना उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। प्रशासन की ओर से बच्चों की स्वास्थ्य जांच, पोषण और देखभाल को लेकर नियमित फॉलोअप भी किया जाएगा।
डीएम ने लोगों से अपील की कि बच्चे को गोद लेने के लिए किसी अनधिकृत माध्यम या बिचौलिए का सहारा न लें। गोद लेने की प्रक्रिया के लिए केवल Central Adoption Resource Authority (CARA) की आधिकारिक और कानूनी प्रक्रिया का ही पालन करें।
प्रशासन के अनुसार, निर्धारित नियमों के तहत होने वाली गोद लेने की प्रक्रिया बच्चों की सुरक्षा और उनके हितों को प्राथमिकता देती है। तीनों बच्चों को नए परिवार मिलने के बाद उनके बेहतर भविष्य की उम्मीद जगी है। इस मौके पर संबंधित अधिकारियों और नए अभिभावकों की मौजूदगी रही।







