The Dardha River overflowed in Jehanabad, water flowed over the Jaffarganj Bridge; flood risk increased in many areas.

जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। जिला मुख्यालय से गुजरने वाली दरधा नदी का पानी सोमवार रात जाफरगंज पुल के ऊपर से बहने लगा। इससे शहर के पूर्वी हिस्से का पश्चिमी क्षेत्र से सड़क संपर्क पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

जाफरगंज पुल शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। पुल पर पानी चढ़ने के बाद इस रास्ते से आवागमन बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से आसपास के निचले इलाकों में भी बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है।

GNSU Admission Open 2026

दरधा नदी के किनारे बसे कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है। प्रभावित इलाकों में झुग्गी-झोपड़ियों के अलावा पक्के मकान भी हैं। अचानक बढ़े पानी के कारण स्थानीय लोगों को घर के सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की चिंता सताने लगी है।

जलकुंभी से बढ़ा खतरा

पुराना थाना रोड स्थित पैदल पुल के पास भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। नदी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी जमा हो गई है, जिससे पानी के बहाव में रुकावट पैदा हो रही है। इससे पुल पर पानी का दबाव बढ़ने की आशंका है। समय रहते जलकुंभी नहीं हटाई गई तो पुल को नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मोरहर नदी का पानी भी पुल के ऊपर

दरधा के अलावा जिले की अन्य नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। शकुराबाद क्षेत्र में मोरहर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है, जिसके कारण जहानाबाद-कुर्था मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है।

वहीं, फल्गु नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। फल्गु नदी के आसपास के निचले क्षेत्रों में पानी बढ़ने से बाढ़ का खतरा और गहरा गया है।

लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।