मोतिहारी: कोटवा कॉलेज के गेट पर हुई चाकूबाजी की घटना में एक छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकला था, तभी गेट पर दूसरे छात्र ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान रितेश यादव के रूप में हुई है।
वह कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव का रहने वाला था। रितेश यादव के पिता का नाम विद्या प्रसाद यादव बताया गया है। जानकारी के अनुसार हमला करने वाले छात्र का नाम सरोज यादव है। वह बीरेन्द्र यादव का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
प्रथम दृष्टया मामले में यूट्यूब पर वीडियो बनाने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस इसी एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि घटना के पीछे की असली वजह क्या है, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। कॉलेज गेट पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद छात्रों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







