खगड़िया: खगड़िया में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद बुद्दीन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में देर रात तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा बद्दीन चौढ़ली पंचायत के सुखाय बासा इलाके में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 1:45 बजे से 2 बजे के बीच हुई। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर बद्दीन को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बुद्दीन के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। इस मामले में एसपी राकेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद बद्दीन कई गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।







