Home राष्ट्रीय सरोना फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा, ट्रैक्टरों से भरा ट्रेलर पलटा, ट्रैफिक बहाल

सरोना फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा, ट्रैक्टरों से भरा ट्रेलर पलटा, ट्रैफिक बहाल

11
0
Major accident on Sarona flyover, trailer full of tractors overturned, traffic restored

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह छह ट्रैक्टरों को लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दुर्ग-रायपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। सरोना ब्रिज से गुजरते समय ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर पलट गया, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं तथा क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।


उन्होंने बताया कि करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेलर को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। दुर्घटना में ट्रेलर पर लदे ट्रैक्टरों को आंशिक क्षति पहुंची है, जबकि चालक सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

GNSU Admission Open 2026


यातायात बाधित होने के दौरान पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले हल्के वाहनों को सरोना मार्ग के स्थान पर एम्स-मोहबाबाजार मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी थी, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।


डीएसपी सतीश ठाकुर के अनुसार, अब मार्ग पूरी तरह सामान्य हो चुका है और यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।