पटना: खबर पटना से है, जहां आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। मामला लघु जल संसाधन विभाग, बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार से जुड़ा है।बताया जाता हैं कि उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में 9 अगस्त 2026 को कांड संख्या 23/2026 दर्ज किया गया था। वही मामला दर्ज होने के अगले ही दिन, यानी 10 अगस्त को विशेष निगरानी इकाई की टीमों ने एक साथ चार अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
इनमें पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर के जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307, बेउर चौराहे पर स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव और बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता का कार्यालय शामिल है।
तलाशी के दौरान टीम ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक संबंधी कागजात और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी जांच की। फिलहाल तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं है। विशेष निगरानी इकाई का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और साक्ष्यों का विधिवत विश्लेषण किया जाएगा और इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







