Home बिहार मोतिहारी में NCB की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख कैश मिलने की चर्चा

मोतिहारी में NCB की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख कैश मिलने की चर्चा

96
0
NCB takes major action in Motihari, rumours of recovery of Rs 50 lakh cash

पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में नशे के कारोबार के खिलाफ नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित ड्रग्स तस्करों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। नगर थाना क्षेत्र के पानी टंकी रोड और चांदमारी इलाके में हुई इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, एनसीबी की टीम ने कई दिनों तक गुप्त रूप से रेकी करने के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें एक गुमटी संचालित करने वाला किराना दुकानदार भी शामिल बताया जा रहा है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।

जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान करीब 50 लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद होने की चर्चा है। नकदी की मात्रा इतनी अधिक बताई जा रही है कि उसकी गिनती के लिए नोट गिनने वाली मशीन मंगानी पड़ी। हालांकि, बरामद राशि और अन्य सामान को लेकर एनसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि एजेंसी को इलाके में ड्रग्स और गांजा के अवैध कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी इनपुट के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया।

GNSU Admission Open 2026

कार्रवाई के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हर तरफ इस ऑपरेशन की चर्चा होती रही। एनसीबी अब हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन, बैंक लेन-देन और उनके संपर्कों की गहन जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस कार्रवाई के जरिए नशे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ कई और नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। आधिकारिक बयान और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बरामदगी, हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।