
सासाराम/जमुहार: रोहतास जिले के मिर्जापुर एवं बांक गांव में नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से 29 एवं 30 जून को दो दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. निपेंद्र आनंद के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में नारायण मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने मरीजों का रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को गर्मी एवं बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक और मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा समय पर उपचार कराने के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
शिविर के सफल संचालन में प्रो. डॉ. श्री कृष्णा, सहायक अध्यापक डॉ. पंकज कुमार तथा ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी डॉ. भरत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा डॉ. शुभम, डॉ. वंदना, हर्षिता, आरती, दीक्षा, प्रिया, सना, जयंत, कृष्णा, गौरव प्रकाश एवं दीपक पुरंजय सहित अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं।
दो दिवसीय इस चिकित्सा शिविर में लगभग 150 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने निशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।






