Home बिहार कैमूर में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, प्रशासन सतर्क

कैमूर में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, प्रशासन सतर्क

210
0
LPG supply normal in Kaimur, administration alert

भभुआ। कैमूर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल के तहत कुल 19 गैस एजेंसियां संचालित हैं। इनमें एचपीसीएल की 4, बीपीसीएल की 5 और आईओसीएल की 10 एजेंसियां शामिल हैं। प्रशासन ने बताया कि 5 अप्रैल को जिले में कुल 6241 गैस सिलेंडर उपलब्ध थे, जिनमें से 2012 सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि शेष 4229 सिलेंडरों का वितरण जारी है।

फिलहाल 16743 सिलेंडरों की बुकिंग लंबित है, जिसे अगले 2-3 दिनों में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अब तक 428 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 315 का निष्पादन कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 06189-222080 जारी करते हुए लोगों से किसी भी समस्या पर संपर्क करने की अपील की है। वही जिले में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नियमित छापेमारी की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 5 अप्रैल तक कुल 171 प्रतिष्ठानों—जिनमें गैस एजेंसी, होटल और रेस्टोरेंट शामिल हैं—की जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग की पुष्टि नहीं हुई है। सभी प्रतिष्ठानों में निर्धारित नियमों के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडर, कोयला, लकड़ी एवं अन्य ईंधनों का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के अंतराल पर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस की डिलीवरी की जा रही है। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ और मोहनियां द्वारा वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।