Home बिहार पटना में मेडिकल एजेंसी पर देर रात डकैती, चोरों से भिड़ंत में...

पटना में मेडिकल एजेंसी पर देर रात डकैती, चोरों से भिड़ंत में संचालक घायल

163
0
Late night robbery at medical agency in Patna; operator injured in clash with thieves

पटना: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में स्थित केसरी मेडिकल एजेंसी में देर रात हुई डकैती की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चीनी मिल रोड पर स्थित इस मेडिकल एजेंसी में घुसे चोरों का सामना जब परिवार के लोगों से हुआ तो दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान मेडिकल एजेंसी के संचालक संजीव भारती घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ संदिग्ध चोर केसरी मेडिकल एजेंसी में घुस गए। चोर एजेंसी के अंदर सामान और नकदी की तलाश कर रहे थे, तभी आहट सुनकर घर के सदस्य जाग गए। परिवार के जागते ही चोरों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एजेंसी संचालक संजीव भारती ने विरोध किया, जिसके बाद चोरों और परिवार के बीच हाथापाई शुरू हो गई। धक्का-मुक्की और मारपीट में संजीव भारती को चोटें आई हैं।

GNSU Admission Open 2026

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि चोर कितनी नकदी या सामान लेकर फरार हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी डर का माहौल है। लोगों ने इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।