पटना: चौक थाना क्षेत्र के राजाराम लेन में हुए जघन्य पेट्रोल आगजनी कांड में दो अन्य लोगों कि भी मौत हो गई। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बर्न वार्ड में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में बुजुर्ग महिला नीलम अग्रवाल (72) और पूरे परिवार को जिंदा जलाने का मुख्य आरोपित कन्हैया कुमार शामिल हैं। इससे पहले नीलम अग्रवाल के पति पुरुषोत्तम अग्रवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब तक कुल तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य अस्पताल में अब भी गंभीर स्थिति में हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, एनएमसीएच के इमरजेंसी बर्न वार्ड में भर्ती नीलम अग्रवाल की स्थिति बुधवार देर रात बिगड़ी और उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद भी बुरी तरह झुलसे आरोपित कन्हैया की मौत गुरुवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान हो गई।
इस संबंध में चिकित्सकों ने बताया कि इस अग्निकांड में झुलसी परिवार की बहू प्रिया कुमारी उर्फ मीनू (36) की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वह करीब 70 प्रतिशत तक जल चुकी हैं और फिलहाल आईसीयू के बर्न वार्ड में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। प्रिया के दो मासूम बेटे आयुष (10) और महज सूरज (3) भी इस आगजनी में गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों बच्चों का इलाज डॉक्टरों की विशेष निगरानी में चल रहा है, जहां वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।







