Home बिहार पुलिस एनकाउंटर में बदमाश ‘हिरामन’ घायल, पैर में लगी गोली

पुलिस एनकाउंटर में बदमाश ‘हिरामन’ घायल, पैर में लगी गोली

101
0
Criminal 'Hiraman' injured in police encounter, shot in the leg

जहानाबाद: जहानाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दीपक कुमार हत्याकांड के आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ हिरामन को हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश का इलाज सदर अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले भेलावर थाना क्षेत्र में दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ हिरामन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि हत्या में इस्तेमाल हथियार उसने घोसी थाना क्षेत्र के धुरियारी गांव के पास नहर किनारे छिपा रखा है।

इसी के बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। जैसे ही पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद कर रही थी, उसी दौरान बिक्कू सिंह ने पहले से छिपाकर रखा हथियार निकाल लिया और अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसकी गोली घोसी थाना प्रभारी की गाड़ी में लग गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

GNSU Admission Open 2026

घायल आरोपी को पहले घोसी पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद सदर अस्पताल को पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा कारणों से मीडिया कर्मियों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है और मरीजों की भी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। जहानाबाद एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि दीपक कुमार हत्याकांड में आरोपी बिक्कू सिंह को हथियार बरामदगी के लिए ले जाया गया था, जहां उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। एसपी ने साफ कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद जिले में अपराधियों में दहशत का माहौल है, जबकि आम लोग पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।