Home झारखण्ड सरायकेला-खरसावां में जंगली हाथियों का आतंक, एक ही परिवार के दो लोगों...

सरायकेला-खरसावां में जंगली हाथियों का आतंक, एक ही परिवार के दो लोगों की कुचलकर मौत

175
0
सरायकेला-खरसावां में जंगली हाथियों का आतंक, एक ही परिवार के दो लोगों की कुचलकर मौत

सरायकेला-खरसावां। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित सोड़ो पंचायत के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के हमले से हड़कंप मच गया। बीती रात अचानक गांव में घुसे हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिसमें एक ही परिवार के दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड देर रात गांव में प्रवेश कर गया और कई घरों को नुकसान पहुंचाते हुए लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग संभल भी नहीं पाए। इसी दौरान एक परिवार के सदस्य हाथियों की चपेट में आ गए। इस घटना में चाइना देवी और अमिता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कमलचंद महतो, मोहन महतो और सतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे रात के समय लोग जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के काफी देर बाद तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों के आतंक से जल्द निजात दिलाई जाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। फिलहाल, प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और वन विभाग को सतर्क कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

GNSU Admission Open 2026