रांची। झारखंड में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम केंद्र ने बताया कि राज्य में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 27 अप्रैल से तापमान में दो से चार डिग्री तक कमी आने का अनुमान है। विभाग ने 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है। रविवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 और गुमला में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं बोकारो का तापमान 35.2 और जमशेदपुर का 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा। संताल परगना के जिलों में तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना है। 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। 30 अप्रैल से लेकर 2 मई तक पूरे राज्य में गर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम में इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।







