जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर स्थित टाटानगर स्टेशन परिसर में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे स्टेशन क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान ज्ञानेंदु कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के निवासी थे और रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12:30 बजे वे मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद करीब 12:40 बजे वे शौच के लिए संयुक्त चालक एवं परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रनिंग रूम के गेट के पास पीछे से बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीना और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि ज्ञानेंदु कुमार गौतम रेलवे सेवा के साथ-साथ ठेकेदारी और जमीन की खरीद-बिक्री के कार्यों से भी जुड़े हुए थे। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना ने रेलवे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







