Home झारखण्ड रांची की दिव्यानी लिंडा का कमाल, AFC U-17 एशियन कप के लिए...

रांची की दिव्यानी लिंडा का कमाल, AFC U-17 एशियन कप के लिए भारतीय टीम में चयन

121
0
रांची की दिव्यानी लिंडा का कमाल, AFC U-17 एशियन कप के लिए भारतीय टीम में चयन

रांची। झारखंड की राजधानी रांची की उभरती फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा ने अपने दमदार प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें AFC U-17 महिला एशियन कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इस चयन के साथ ही दिव्यानी रांची की पहली महिला फुटबॉलर बन गई हैं, जिन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। दिव्यानी लिंडा का सफर संघर्ष और समर्पण से भरा रहा है। वह रांची जिले के कांके प्रखंड स्थित चंदरा पंचायत के चंदरा गांव की रहने वाली हैं। सीमित संसाधनों, खेल सुविधाओं की कमी और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा। कठिन परिस्थितियों में भी उनकी लगन और आत्मविश्वास ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वह कांके स्थित स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं।

इस क्लब ने दिव्यानी की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है। खासकर उनके कोच अनवरूल हक उर्फ बबलू का मार्गदर्शन उनकी सफलता में निर्णायक साबित हुआ है। उन्होंने दिव्यानी को न सिर्फ तकनीकी रूप से मजबूत बनाया, बल्कि हर मुश्किल वक्त में उनका हौसला भी बढ़ाया। इस वर्ष झारखंड से एक साथ चार खिलाड़ियों का चयन होना राज्य के खेल इतिहास के लिए भी गर्व की बात है। दिव्यानी लिंडा झारखंड की दूसरी महिला खिलाड़ी हैं, जिन्हें एशियाई स्तर के इस बड़े टूर्नामेंट में खेलने का अवसर मिला है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा क्षेत्र और राज्य गौरवान्वित है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

GNSU Admission Open 2026