सासाराम (रोहतास)। भीषण गर्मी और संभावित लू को देखते हुए रोहतास जिला प्रशासन ने पूरे जिले में पेयजल आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है। जिला आपदा प्रबंधन शाखा ने बताया कि आमजन को राहत देने के लिए नगर निकायों के माध्यम से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले में कुल 75 प्याऊ (70 स्थायी और 5 चलंत) संचालित किए जा रहे हैं, जबकि 53 वाटर टैंकरों के जरिए जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
इसके अलावा 22 वाटर एटीएम भी चालू हालत में हैं और 2 आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए विशेष तैयारी की है। सदर अस्पताल में 12 बेड वाला एक एसी कक्ष (6 पुरुष और 6 महिला के लिए) आरक्षित किया गया है। अनुमंडल स्तर के सभी अस्पतालों में एसी कक्ष, ORS और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, प्रखंड स्तर के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 6 बेड और ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें, अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे ORS, नींबू पानी और छाछ का सेवन करें तथा बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें। आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 06184-226093 और 06184-226072 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।







