Home बिहार सासाराम में आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाई गई ईद

सासाराम में आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाई गई ईद

215
0
Eid was celebrated with mutual brotherhood and harmony in Sasaram.

शहर के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में देखी गई नमाजियों की भीड़

सासाराम (रोहतास)। जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर (ईद) का त्योहार हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया और इस दौरान मस्जिदों में नमाज पढ़ने वालों की भारी भीड़ देखी गई। रमजान के पाक महीने में रोजा के बाद चांद के दीदार होते ही ईद का त्यौहार खुशियों की सौगात लिए हाजिर हुआ और मुस्लिम समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई। शनिवार की सुबह लोगों ने नए कपड़े पहनकर सासाराम के विभिन्न ईदगाहों और विभिन्न मस्जिदों में पहुंचकर ईद की नमाज़ अदा की।

GNSU Admission Open 2026

शहर के प्रमुख हसन शाह सूरी और शेरशाह सूरी मकबरे के पास मौजूद ईदगाह में हजारों की संख्या में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज़ के दौरान लोगों ने देश में अमन, शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज़ अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदी लेने और सेवइयों का आनंद लेने में जुटे रहे। घर-घर में मीठी सेवइयों और लजीज पकवानों की खुशबू फैल गई, जिससे पूरे शहर का माहौल त्योहारमय हो गया।

सासाराम में संपन्न हुई ईद की नमाज, SP और SDM ने संभाली कमान

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। एसपी रोशन कुमार, एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी और एसडीपीओ दिलीप कुमार स्वयं सासाराम के विभिन्न ईदगाहों का भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था। साथ ही विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी मुस्तैद दिखे। ईदगाह के आसपास और मुख्य सड़कों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो । नमाज के बाद एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार को मिल-जुलकर मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन ने साफ किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पूरे शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।