लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईद के मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए देश-दुनिया में अमन और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दुनिया में जिस तरह से युद्ध का माहौल बना हुआ है, वह जल्द समाप्त होगा और शांति का दौर आएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो अपने देश के लिए शहीद होता है, उसे हमेशा लोगों के दिलों में याद किया जाता है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मथुरा में साधु के साथ हुए व्यवहार, काशी में छात्र की गोली मारकर हत्या और गोरखपुर की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि “बेईमान” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है और गंगा से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी अकेले भी चुनाव लड़ें तो जीत सकती हैं। अखिलेश यादव ने शंकराचार्य के लखनऊ दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले उनके स्वागत की बड़ी-बड़ी बातें कही थीं, वे उनके आने पर नजर नहीं आए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले लोग “बाटी-चोखा” खाने की बात करते थे, लेकिन अब शायद दोबारा ऐसा सोच भी नहीं पाएंगे।







