सासाराम (रोहतास)। ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में शांतिपूर्ण और भाईचारे के बीच मनाया जा रहा हैं। शहर की मुख्य ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की और देश की तरक्की तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा।
एसपी रोशन कुमार, एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी और एसडीपीओ दिलीप कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था। साथ ही विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी मुस्तैद दिखे। ईदगाह के आसपास और मुख्य सड़कों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। नमाज के बाद एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि त्योहार को मिल-जुलकर मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन ने साफ किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पूरे शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।







