मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी कोचिंग संचालक ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत बेलारी थाना क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक ने पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से ही आरोपी शिक्षक फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कोचिंग सेंटर को पूरी तरह से सील कर दिया है। पीड़िता मूल रूप से अपने मौसा के घर पर रहकर पढ़ाई करती है। अन्य दिनों की तरह शुक्रवार को भी वह सुबह 6 बजे कुमारखंड स्थित ‘रेनबो साइंस सर्किट’ नामक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ने गई थी। इस कोचिंग का संचालक आरोपी शंकर कुमार है।
कोचिंग में पढ़ाई खत्म होने के बाद जब छुट्टी हुई, तो बाकी सभी बच्चे अपने-अपने घर चले गए। लेकिन पीड़िता कोचिंग परिसर में ही लगी फोटो स्टेट मशीन से अपने आधार कार्ड की छायाप्रति (फोटोकॉपी) कराने के उद्देश्य से वहां कुछ देर के लिए रुक गई थी। छात्रा को अकेला पाकर कोचिंग संचालक शंकर कुमार की नीयत बिगड़ गई। वह छात्रा को जबरन क्लासरूम के अंदर ले गया और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म करने लगा। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा न हो जाएं, इसलिए आरोपी शिक्षक ने बर्बरता दिखाते हुए मासूम के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब छात्रा घर वापस नहीं लौटी, तो उसके मौसा परेशान होकर उसे ढूंढते हुए कोचिंग सेंटर जा पहुंचे। वहां उन्होंने क्लासरूम के भीतर आरोपी कोचिंग संचालक शंकर कुमार को अपनी भांजी के साथ दुष्कर्म करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
उस वक्त मासूम छात्रा दर्द और पीड़ा के कारण बेहोश पड़ी हुई थी और उसका मुंह कपड़े से बंद था। पीड़िता के मौसा जैसे ही उसके मुंह से कपड़ा निकालने और उसे संभालने लगे, इसी बीच मौके का फायदा उठाकर आरोपी दुष्कर्मी शिक्षक वहां से भाग निकला। परिजनों ने तुरंत इस पूरी घटना की सूचना बेलारी थानाध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बेहोश छात्रा को इलाज व मेडिकल टेस्ट के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेजा, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया गया। शनिवार को पुलिस ने पीड़ित छात्रा का कोर्ट में धारा 164 के तहत आधिकारिक बयान दर्ज कराया है। वहीं, पीड़िता के मौसा के लिखित आवेदन के आधार पर महिला थाना में आरोपी कोचिंग संचालक शंकर कुमार के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान चला रही हैं।







