वाराणसी से सामान लेकर लौट रहे थे दोनों, ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत जिगना के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान चैनपुर निवासी वार्ड संख्या 11 के शमशाद कलेंदर (पिता– गुड्डू कलेंदर) और एकलाख मोहम्मद (पिता– महमूद कलंदर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक चैनपुर बाजार में चूड़ी की दुकान चलाते थे और दुकान के लिए सामान खरीदने वाराणसी (उत्तर प्रदेश) गए थे। गुरुवार को दोनों युवक वाराणसी से सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान जिगना रोड पर एक बड़े वाहन को ओवरटेक करने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गया हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। इस हादसे से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों युवक अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







