शिक्षा मंत्री ने नौनिहालों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की
पटना। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने गुरुवार को कहा कि छह साल के बच्चों का नामांकन कराने के लिए 1 से लेकर 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने राज्य के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो बच्चे 6 वर्ष के हो गए है या छह माह में 6 वर्ष के होने वाले हैं उनका सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराएं। ताकि उनका भविष्य उज्जवल हो सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार ने शुरू से ही शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया है। अब शिक्षा की लौ बिहार के हर गांव, कस्बा और शहरों तक पहुंच चुकी है। शिक्षा का माहौल बिहार में बेहतरीन हो चुका है। मुख्यमंत्री ने शुरू से ही शिक्षकों के लिए भी बहुत कार्य किए हैं। खासकर विद्यार्थियों के लिए बहुत सारी कल्याणकारी योजनाएं दी गई है, जिसमें साइकिल योजना, पोशाक योजना, एमडीएम, छात्रवृत्ति आदि शामिल हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब सरकार की ओर से पुस्तकें भी दी जा रही है, ताकि बच्चे पढ़ाई कर सकें। बच्चों के लिए हर तरह की योजनाएं हैं और हम सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि हमारे सभी नौनिहाल स्कूल तक पहुंचे। बिहार के सभी जगह और लगभग सभी टोलों में स्कूल हैं। हमारे टोला सेवक और तालमीमरकज के लोग कार्य कर रहे हैं, लेकिन यह जिम्मेदारी हम सभी लोगों की है कि हमारे बच्चे स्कूल जाएं और शिक्षित हो, ताकि बिहार आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा और जो परंपरा रही है, या जो हमारा पुराना विश्वविद्यालय रहे हैं, जिसमें नालंदा और विक्रमशीला का विश्वविद्यालय था हम उसी सुनहरे दौर में पहुंचना चाहते हैं।







