पटना। राजधानी पटना के बाइपास थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक 10 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची की पहचान बाहरी बेगमपुर मुहल्ला निवासी रोशनी कुमारी के रूप में हुई है। उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक गली में कंबल में लिपटा हुआ मिला। परिजनों के अनुसार, रोशनी बुधवार सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार हुई थी। इसी दौरान वह पड़ोस में दूध देने गई, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक बच्ची के नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना बाइपास थाना पुलिस को दी गई। पुलिस और परिजन देर रात तक बच्ची की तलाश करते रहे। इस दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर गली में एक बच्ची का शव मिलने की खबर मिली, जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंची और शव की पहचान रोशनी के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार और थानाध्यक्ष रणजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, बच्ची के शरीर और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।







