
सासाराम: रोहतास जिले के सासाराम समाहरणालय स्थित योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर संजय कुमार की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यालय में काम करने के दौरान उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वह कुर्सी से नीचे गिर पड़े। कार्यालय कर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें राज कॉलोनी स्थित डॉ. चितरंजन सिंह के निजी क्लीनिक में पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जमूहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
जमूहार में इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए चिकित्सकों ने उन्हें पटना के हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल इंजीनियर संजय कुमार का पटना में इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। उनके परिजन भी पटना पहुंच चुके हैं। घटना के बाद कार्यालय कर्मियों और परिचितों में चिंता का माहौल है। पूरे मामले को लेकर कार्यालय कर्मी नंदलाल ने भी जानकारी दी।






