Home बिहार मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन का DPR तैयार, 3000 करोड़ की लागत से बनेगा हाईवे,...

मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन का DPR तैयार, 3000 करोड़ की लागत से बनेगा हाईवे, NHAI ने सौंपी रिपोर्ट

113
0
मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन का DPR तैयार, 3000 करोड़ की लागत से बनेगा हाईवे, NHAI ने सौंपी रिपोर्ट

पटना: बिहार में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी परियोजना तेजी पकड़ती नजर आ रही है। मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है, जिसे अब मंजूरी के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मुख्यालय भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के डीपीआर में कई बार संशोधन किए गए, जिसके बाद इसे अंतिम रूप दिया गया। प्रारंभ में केवल फोरलेन सड़क के निर्माण का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में इसमें रामदयालु आरओबी को भी शामिल किया गया। अब मुख्यालय स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा के बाद मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसमें करीब दो महीने का समय लग सकता है। करीब 100 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना पर लगभग 3000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह सड़क मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक से बरौनी तक बनाई जाएगी। इसके निर्माण से मुजफ्फरपुर से बेगूसराय, पूर्णिया और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। वर्तमान में मुजफ्फरपुर से पूर्णिया जाने के लिए दरभंगा फोरलेन का उपयोग करना पड़ता है, जिससे दूरी लगभग 300 किलोमीटर हो जाती है। नई सड़क बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब 250 किलोमीटर रह जाएगी। परियोजना के तहत ताजपुर कोल्ड स्टोरेज, मुसरीघरारी और दलसिंहसराय चौक पर एलिवेटेड संरचना का निर्माण किया जाएगा। साथ ही 20 से अधिक छोटे-बड़े पुल-पुलियों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस फोरलेन के बनने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

GNSU Admission Open 2026