Home बिहार नेपाली मूल की महिलाओं के लिए राहत भरी पहल, नागरिकता देने के...

नेपाली मूल की महिलाओं के लिए राहत भरी पहल, नागरिकता देने के लिए लगेगा विशेष कैंप

265
0
नेपाली मूल की महिलाओं के लिए राहत भरी पहल, नागरिकता देने के लिए लगेगा विशेष कैंप

बेतिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाली नेपाली मूल की महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। वर्षों से भारतीय नागरिकता का इंतजार कर रहीं इन महिलाओं को अब अपनी पहचान मिलने की राह आसान हो गई है। सरकार की नई पहल के तहत योग्य महिलाओं को नागरिकता दिलाने के लिए पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा प्रखंड में विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, वे महिलाएं जिनकी शादी भारतीय नागरिक से सात वर्ष या उससे अधिक समय पहले हो चुकी है, अब भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर सकती हैं। इस योजना की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के लिए जीविका दीदियों, विकास मित्रों, चौकीदारों और दफादारों की मदद ली जा रही है, ताकि कोई भी पात्र महिला इस अवसर से वंचित न रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार रौशन ने बताया कि 24 अप्रैल को प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी, वहीं आरटीपीएस काउंटर के माध्यम से ऑफलाइन फॉर्म भी जमा किए जा सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया के लिए निर्धारित वेबसाइट पर जरूरी विवरण भरकर उसका प्रिंट निकालना होगा और संबंधित दस्तावेजों के साथ जमा करना अनिवार्य होगा। सरकार की ओर से नागरिकता आवेदन के लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। जिन महिलाओं को ऑनलाइन आवेदन में कठिनाई होती है, वे साइबर कैफे या सीएससी केंद्र की सहायता ले सकती हैं। इस पहल से स्थानीय महिलाओं में उत्साह का माहौल है। उनका कहना है कि अब उन्हें कानूनी पहचान मिलेगी और वे भी पूरे अधिकार के साथ भारतीय नागरिक कहलाएंगी। प्रशासन ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी नागरिकता सुनिश्चित करें।

GNSU Admission Open 2026