Home बिहार बिहार में छात्रा का खौफनाक कदम: हाथ पर ब्लेड से 19 वार,...

बिहार में छात्रा का खौफनाक कदम: हाथ पर ब्लेड से 19 वार, सोशल मीडिया विवाद में उलझी जांच

238
0
Bihar student stabs hand 19 times with blade, investigation entangled in social media controversy

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर छात्रा द्वारा आत्महत्या की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा ने ब्लेड से अपने हाथ की नस पर 19 बार वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 24 घंटे बाद उसे होश आया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा ने ब्लेड से अपने हाथ की नस को ऊपर से नीचे तक 19 बार काटा, जिससे गहरे जख्म हो गए। लहूलुहान हालत में परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि छात्रा मूल रूप से मुसहरी थाना क्षेत्र की रहने वाली है लेकिन फिलहाल अपने परिवार के साथ माड़ीपुर में रह रही थी। वह पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेती रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि छात्रा का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि युवक ने बालिग होने पर शादी का वादा किया था लेकिन बाद में मुकर गया। इस कथित धोखे और मानसिक तनाव के कारण छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि छात्रा ने पुलिस के सामने प्रेम प्रसंग की बात से इंकार करते हुए इसे पारिवारिक विवाद बताया है।

GNSU Admission Open 2026

उसका कहना है कि घर में चल रहे आपसी झगड़े के कारण वह तनाव में थी, जिससे उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। काजी मोहम्मदपुर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि छात्रा ने लिखित शिकायत में घरेलू विवाद का जिक्र किया है। हालांकि जांच के दौरान अन्य पहलू भी सामने आए हैं, जिनमें प्रेम प्रसंग का एंगल भी शामिल है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। छात्रा की सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी ने उसे इस कदम के लिए उकसाया तो नहीं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।