Home बिहार 10 राउंड फायरिंग से दहला इलाका, महिला समेत दो घायल

10 राउंड फायरिंग से दहला इलाका, महिला समेत दो घायल

17
0
Area shaken by 10 rounds of gunfire; two injured, including a woman.

पटना: राजधानी पटना के दानापुर अनुमंडल अंतर्गत रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक महिला और एक पुरुष गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग होने की सूचना है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक महिला लंबे समय से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इसी संबंध को लेकर दूसरे पक्ष को आपत्ति थी। रविवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा फायरिंग में शामिल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

GNSU Admission Open 2026

डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि रूपसपुर थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक महिला और एक पुरुष घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और विवाद के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।