Home बिहार कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख

कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख

20
0
A massive fire broke out in a scrap warehouse, property worth lakhs reduced to ashes.

पटना: पटना के खुसरूपुर नगर के वार्ड नंबर-3 स्थित सब्जी मंडी के पास मंगलवार तड़के एक कबाड़ी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की भयावह लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घनी आबादी के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय कुमार के कबाड़ी गोदाम से धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं।

गोदाम में भारी मात्रा में प्लास्टिक, कागज और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। घटना की सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरे और घने आवासीय क्षेत्र में आग फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ था।

GNSU Admission Open 2026

स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए दमकलकर्मियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास स्थित दर्जनों मकान इसकी चपेट में आ सकते थे और एक बड़ा हादसा हो सकता था। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन अग्निकांड के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।