चुनाव जीतने के बाद पहली बार अपने चुनाव क्षेत्र पहुंचे अनंत सिंह
पटना। बड़ी खबर इस वक्त पटना से सामने आ रही है, जहां मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह जेल से रिहा होने के बाद आज अपने सरकारी आवास से मोकामा के लिए रवाना हो चुके हैं। बता दें कि साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में वे जेल में बंद थे। करीब पांच दिन पहले ही पटना हाई कोर्ट से उन्हें जमानत मिली है, जिसके बाद सोमवार की देर शाम उनकी रिहाई के बाद पहली बड़ी राजनीतिक सक्रियता देखने को मिल रही है।
चुनाव जीतने के बाद अनंत सिंह पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने निकले है। अनंत सिंह के मोकामा पहुंचने पर भव्य रोड शो की तैयारी की गई है। समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारी की गई है। काफिले के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी शामिल हो रहे हैं, जिससे इलाके का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
वहीं, रवाना होने से पहले अनंत सिंह ने कहा कि वे बड़हिया जा रहे हैं, जहां माता से आशीर्वाद लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि वे अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि, उनके इस बयान के बावजूद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मोकामा में उनके रोड शो का क्या असर पड़ता है और आने वाले चुनावी समीकरणों पर इसका कितना प्रभाव पड़ता है।







