Home बिहार जहानाबाद में 11 शिक्षक निलंबित, गैरहाजिरी पर कड़ा एक्शन

जहानाबाद में 11 शिक्षक निलंबित, गैरहाजिरी पर कड़ा एक्शन

162
0
11 teachers suspended in Jehanabad, strict action taken on absenteeism

जहानाबाद: जहानाबाद जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सख्ती बढ़ा दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के तहत पिछले 7 महीनों में अब तक कुल 11 शिक्षकों को निलंबित किया गया है। साथ ही गंभीर मामलों में कुछ शिक्षकों की सेवा समाप्ति (बर्खास्तगी) के लिए विभाग को पत्र भी भेजा गया है। विभागीय अभिलेख के अनुसार मखदुमपुर, घोसी, काको, रतनी-फरीदपुर, हुलासगंज एवं जहानाबाद प्रखंडों के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है। इस कठोर कदम के बाद जिले के शिक्षकों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

इन शिक्षकों पर नियमित अनुपस्थिति, शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही तथा विभागीय निर्देशों की अनदेखी जैसे आरोप पाए गए हैं। कार्रवाई की जद में आए शिक्षकों में संजय कुमार द्विवेदी (प्राथमिक विद्यालय कुतबनचक), हेमंत कुमार निराला (उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरगियाचक), अश्विनी कुमार मिश्रा (उत्क्रमित मध्य विद्यालय तिलकई), बजरंगी कुमार रजक (प्राथमिक विद्यालय सोहरैया), संजय कुमार (उर्दू मध्य विद्यालय, जहानाबाद), संजीव कुमार (प्राथमिक विद्यालय बड़की बभनपूरा), उर्मिला कुमारी (नवसृजित प्राथमिक विद्यालय चकहसन), राजू कुमार व मुकेश कुमार (देहुनी), रंजन कुमार एवं संगीता कुमारी (मध्य विद्यालय नरमा) शामिल हैं।

GNSU Admission Open 2026

जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है और आगे भी लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हलचल मची हुई है, वहीं अन्य शिक्षकों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की चेतावनी दी गई है। इधर, जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे ने भी जिले के शिक्षकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण के दौरान कोई शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाया जाता है या शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।