ढाका: भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीरीज रद्द नहीं हुई है और दोनों क्रिकेट बोर्ड इसे आयोजित करने के लिए नई तारीख या विंडो तलाश रहे हैं।
भारत को अगस्त-सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। हालांकि, दोनों देशों के मौजूदा राजनीतिक हालात के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार सीरीज होने की संभावना कम मानी जा रही है।
सीरीज कराने को लेकर दोनों बोर्ड गंभीर
तमीम इकबाल के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और BCB दोनों ही सीरीज कराने को लेकर सकारात्मक हैं और लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों टीमें अपने-अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण उपयुक्त तारीख तलाश रही हैं, लेकिन सीरीज आयोजित करने की इच्छा दोनों पक्षों की है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ परिस्थितियां बोर्ड के नियंत्रण से बाहर होती हैं, लेकिन बातचीत लगातार जारी है और संभावित तारीखों पर विचार किया जा रहा है।
BPL फिक्सिंग मामले में और नाम सामने आने के संकेत
बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) से जुड़े फिक्सिंग मामले पर भी तमीम ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बोर्ड पहले ही कुछ लोगों के नामों का उल्लेख कर चुका है और चार-पांच अन्य लोगों के नाम भी सामने लाए जा सकते हैं।
तमीम के मुताबिक, मामले को फिलहाल वकील देख रहे हैं और कानूनी मंजूरी मिलने के बाद बीसीबी प्रेस रिलीज के माध्यम से आगे की जानकारी सार्वजनिक करेगा।
टी20 विश्व कप में नहीं खेलने पर जताया अफसोस
तमीम ने पिछले टी20 विश्व कप में बांग्लादेश के हिस्सा नहीं लेने के फैसले पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि इस मामले को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था और बांग्लादेश को विश्व कप में जरूर खेलना चाहिए था।
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था।
तमीम ने कहा कि उस समय हुए घटनाक्रम से बांग्लादेश में काफी निराशा थी। उन्होंने संकेत दिया कि उस दौरान कई स्तरों पर ऐसी बातें हुई थीं, जिनका पूरा खुलासा होने पर लोग हैरान हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने संबंधित चर्चाओं और घटनाओं का विवरण सार्वजनिक करने से इनकार किया।
खेल को राजनीति से अलग रखने की अपील
तमीम ने कहा कि कुछ मामलों में खेल को खेल की तरह ही देखा जाना चाहिए और उसे अन्य मुद्दों से जोड़ने से बचना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे मामलों में बेहतर बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सकता है।
भारत-बांग्लादेश सीरीज को लेकर दोनों बोर्ड के बीच बातचीत जारी रहने से इसके किसी नई तारीख पर आयोजित होने की संभावना बनी हुई है।







