जकार्ता: भारतीय गोल्फर पुखराज सिंह गिल ने ‘एशियन डेवलपमेंट टूर (ADT)’ के सिपुत्रा गोल्फप्रेन्योर टूर्नामेंट में संयुक्त 19वां स्थान हासिल कर 2027 के एशियाई टूर कार्ड के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (IGPL) टूर के ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता गिल अब एडीटी की सत्र की समग्र तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। एडीटी सीजन में अब सिर्फ एक टूर्नामेंट बाकी है और ऑर्डर ऑफ मेरिट के शीर्ष 10 खिलाड़ियों को 2027 एशियन टूर के कार्ड मिलेंगे।
15 अंडर पार के स्कोर के साथ टूर्नामेंट खत्म किया
गिल ने रविवार को टूर्नामेंट के चौथे और अंतिम दौर में 69 का कार्ड खेला। उन्होंने कुल 15 अंडर पार के स्कोर के साथ प्रतियोगिता समाप्त की। इससे पहले तीन दौर में उन्होंने क्रमश: 70, 66 और 68 का स्कोर बनाया था।
पिछले साल भी IGPL के खिलाड़ी करनदीप कोचर ने इसी मार्ग से एशियन टूर कार्ड हासिल किया था और वर्तमान में वह एशियन टूर पर खेल रहे हैं।
खलीन जोशी शीर्ष भारतीय
टूर्नामेंट में गिल के अलावा खलीन जोशी ने भी शानदार प्रदर्शन किया और संयुक्त 10वें स्थान पर रहे। जोशी ने चार दौर में 66, 68, 69 और 67 का कार्ड खेला।
कार्तिक सिंह 72, 70, 66 और 69 के स्कोर के साथ संयुक्त 32वें स्थान पर रहे, जबकि अमन राज 67, 69, 70 और 73 के स्कोर के साथ संयुक्त 37वें स्थान पर रहे।
अब एडीटी सीजन के अंतिम टूर्नामेंट में गिल का प्रदर्शन बेहद महत्वपूर्ण होगा। शीर्ष 10 में अपनी जगह बरकरार रखने पर उन्हें 2027 एशियन टूर में खेलने का मौका मिल सकता है।







