Home बिहार लूट और छिनतई का कुख्यात बदमाश एनकाउंटर में घायल, पुलिस ने पैर...

लूट और छिनतई का कुख्यात बदमाश एनकाउंटर में घायल, पुलिस ने पैर में मारी गोली

134
0
A notorious robber and snatcher was injured in an encounter; police shot him in the leg.

समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी प्रिंस कुमार घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में लूट और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार अपने सहयोगियों के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक जब प्रिंस कुमार ने खुद को पुलिस से घिरता देखा तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली प्रिंस कुमार के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

GNSU Admission Open 2026

इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार जिले में लगातार हो रही लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। अब पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों और उसके सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मुठभेड़ के बाद घायल अपराधी को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस पूरे मामले में पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।