डबलिन। आयरलैंड क्रिकेट ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एड जॉयस को तत्काल प्रभाव से सीनियर पुरुष टीम का हाई परफॉर्मेंस बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। जॉयस पुरुष टीम के बल्लेबाजों के साथ काम करने के अलावा पुरुष टैलेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम से भी जुड़े रहेंगे।
जॉयस आयरलैंड और इंग्लैंड दोनों की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 2018 में खिलाड़ी के रूप में क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद उन्होंने आयरलैंड की महिला टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। वह करीब छह साल तक इस पद पर रहे और अप्रैल 2025 में अपने पद से इस्तीफा दिया।
महिला टीम से अलग होने के बाद जॉयस ने काउंटी क्रिकेट में ग्लूस्टरशायर के साथ बल्लेबाजी कोच के रूप में काम किया। इसके अलावा उन्होंने ईटीपीएल में डबलिन गार्डियंस के बल्लेबाजी कोच की भूमिका भी निभाई। इस दौरान वह क्रिकेट ब्रॉडकास्टिंग से भी जुड़े रहे।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद जॉयस ने कहा कि खिलाड़ी के रूप में संन्यास लेने के बाद भी आयरिश क्रिकेट से जुड़े रहना उनके लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में आयरलैंड की पुरुष टीम के प्रदर्शन को देखते हुए यह स्पष्ट है कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए पर्दे के पीछे काफी मेहनत की गई है।
जॉयस ने कहा कि वह टीम के बल्लेबाजी समूह के साथ काम करने और उसमें नई सोच तथा अपने अनुभव को शामिल करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि टीम में प्रतिभा मौजूद है और अब लक्ष्य प्रदर्शन में निरंतरता लाना है।
जॉयस आयरलैंड पुरुष टीम के मुख्य कोच गैरी विल्सन और हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट के साथ मिलकर काम करेंगे। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब टीम को आगामी अंतरराष्ट्रीय अभियानों के लिए अपनी बल्लेबाजी इकाई को मजबूत करने की जरूरत है।
आयरलैंड की सीनियर पुरुष टीम ने अपना पिछला मुकाबला अगस्त में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच मैचों की वनडे सीरीज के रूप में खेला था। आयरलैंड को इस सीरीज में 4-0 से हार का सामना करना पड़ा था। टीम का अगला बड़ा लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप क्वालिफायर है, जिसका आयोजन 22 फरवरी से 23 मार्च तक किया जाना है।







