
पटना। पूर्व मंत्री और जदयू के वरिष्ठ विधायक श्याम रजक ने बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने की मांग पर कहा कि नीतीश कुमार राष्ट्रीय नेता हैं, लेकिन उनके नाम पर किसी जगह का नाम बदलने में पार्टी का विश्वास नहीं है। तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए श्याम रजक ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के बीच जा रहे हैं तो अपने संसाधनों से भी उनकी मदद करें और सरकार की ओर से किए गए इंतजामों को भी देखें। शराबबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को समझने की जरूरत है और समाज को बर्बाद होने से बचाना जरूरी है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद के सवाल पर श्याम रजक ने कहा कि कोई विवाद नहीं है। नीरज कुमार ही पार्टी के उम्मीदवार होंगे और पार्टी नेतृत्व पूरे मामले को देख रहा है।







