A PG doctor at DMCH was attacked with a belt, his head was fractured; doctors suspended emergency services.

दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में मरीज के इलाज को लेकर हुए विवाद के बाद एक मरीज के परिजन ने ड्यूटी पर तैनात पीजी डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। आरोप है कि परिजन ने पीछे से बेल्ट निकालकर डॉक्टर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे डॉक्टर घायल हो गए। घटना के बाद अस्पताल में आक्रोश फैल गया और सुरक्षा की मांग को लेकर पीजी व जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा ठप कर दी।

बताया गया कि बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा गांव निवासी मरीज पलटू लाल देव को इलाज के लिए DMCH के मेडिसिन विभाग की डॉ. केके झा यूनिट में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान मरीज के परिजन और डॉक्टरों के बीच इलाज में कथित लापरवाही को लेकर बहस हो गई। विवाद के बीच पीजी डॉक्टर डॉ. आशुतोष कुमार अपने विभाग की डॉ. आरके झा यूनिट की ओर जा रहे थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

आरोप है कि इसी दौरान मरीज के एक परिजन ने पीछे से डॉक्टर पर बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर आशुतोष कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। डॉक्टर के साथ मारपीट की खबर अस्पताल में फैलते ही विभिन्न विभागों में तैनात पीजी और जूनियर डॉक्टर इमरजेंसी विभाग में एकत्र हो गए।

डॉक्टरों ने घटना के विरोध में इमरजेंसी सेवा बंद कर आरोपी की गिरफ्तारी और अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इससे करीब आधे घंटे तक मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही DMCH अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, प्रिंसिपल डॉ. यूसी झा और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू कर दी गई।

सदर डीएसपी शुभेन्द्र कुमार सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टर पर मरीज के परिजन ने हमला किया है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना ने अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉक्टरों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।