सासाराम: रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन में प्रशासन ने एक होटल में छापेमारी कर चार महिलाओं समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान होटल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में स्टेशन रोड स्थित अनीश होटल में छापेमारी की गई। प्रशासन को होटल में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने अचानक होटल पहुंचकर कमरों की जांच की।
छापेमारी के दौरान कुछ लोग आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। एसडीएम के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की होटल रजिस्टर में एंट्री नहीं थी और उनके पास पहचान से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। होटल प्रबंधन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि किसी तरह की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों और होटल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद डेहरी के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर आगे भी जांच और कार्रवाई के संकेत दिए हैं।







