धुले: महाराष्ट्र के धुले शहर के देवपुर स्थित जेंडा चौक इलाके में एकवीरा पार्क के पास एक घर के समीप दुर्लभ सफेद कोबरा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सर्प मित्रों को दी, जिसके बाद ‘वॉर फाउंडेशन’ से जुड़े सर्प मित्र चंदन ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
चंदन ठाकुर ने सावधानीपूर्वक बिना किसी नुकसान के कोबरा को पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों और सर्प मित्रों की मौजूदगी में उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के दौरान वन रक्षक रामदास पांधरे, सर्प मित्र स्वप्निल सोनावणे और रेस्क्यू टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सर्प मित्रों के अनुसार, शरीर में पिगमेंटेशन की कमी के कारण एल्बिनो सांप सफेद या हल्के रंग के दिखाई देते हैं और इनकी मौजूदगी बेहद दुर्लभ मानी जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना दें।







