चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर चेन्नई पहुंचे। इस दौरान वह करीब 13,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
हवाई अड्डे पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर. वी. अर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री विजय के साथ चेन्नई मेट्रो में सफर करेंगे। दोनों नेता मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत पोरूर बाइपास से पूनमल्ली बाइपास स्टेशन तक यात्रा करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री आईआईटी-मद्रास जाएंगे। यहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और रेलवे, बंदरगाह, राजमार्ग, पेट्रोलियम तथा वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस दौरान वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा की ओर से विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। दौरे के अंतिम चरण में मोदी चेन्नई ट्रेड सेंटर में जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।







