खरगे और राहुल गांधी ने गांधी-शास्त्री को दी श्रद्धांजलि
Kharge and Rahul Gandhi paid tribute to Gandhi and Shastri.

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोनों नेताओं ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर तथा विजय घाट जाकर लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर श्रद्धांजलि दी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि बापू का जीवन सत्य, अहिंसा, करुणा और सेवा का ऐसा प्रकाशस्तंभ है, जो हर युग में मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य को शक्ति, अहिंसा को साहस और सत्याग्रह को अन्याय के खिलाफ प्रभावी माध्यम बनाया। स्वतंत्रता संग्राम को दिशा देने के साथ उन्होंने दुनिया को मानवता, शांति और करुणा का संदेश दिया।

GNSU Admission Open 2026

खरगे ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा उनके जीवन की प्रमुख विशेषताएं थीं। उन्होंने कहा कि देश के विकास और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने में शास्त्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरित और दुग्ध क्रांति की नींव को मजबूती देने के साथ उन्होंने कठिन परिस्थितियों में देश का दृढ़ नेतृत्व किया। वर्ष 1965 के युद्ध के दौरान उनका नेतृत्व भी देश के इतिहास में महत्वपूर्ण माना जाता है।

राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा और निर्भयता बापू की सबसे बड़ी विरासत हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने अन्याय के सामने नहीं झुकने और सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया।

राहुल गांधी ने लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश के जरिए शास्त्री ने देश के जवानों और किसानों के सम्मान तथा योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री की सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।