
रांची: झारखंड के पलामू जिले स्थित बेतला नेशनल पार्क में मानसून की दस्तक के साथ जंगल सफारी के सीमित दिनों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
हर साल की तरह इस वर्ष भी वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानसून के दौरान सफारी को करीब तीन महीने के लिए बंद किया जाएगा। ऐसे में प्रकृति प्रेमियों और वन्यजीवों को करीब से देखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए यह आखिरी सुनहरा अवसर है।
भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत मानसून के मौसम में देश के अधिकांश टाइगर रिजर्व और राष्ट्रीय उद्यानों में जंगल सफारी पर अस्थायी रोक लगाई जाती है। इसी नियम के तहत पलामू टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले बेतला नेशनल पार्क में भी हर वर्ष लगभग तीन महीने तक सफारी बंद रहती है। पिछले वर्ष 1 जुलाई से सफारी पर रोक लगा दी गई थी और बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद इसे दोबारा पर्यटकों के लिए खोला गया था। इस वर्ष भी लगभग इसी समय से पार्क को बंद करने की तैयारी है।
फॉरेस्ट स्टाफ निरंजन कुमार के अनुसार, फिलहाल बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी सामान्य रूप से संचालित हो रही है। पर्यटक सुबह और शाम दोनों पालियों में सफारी का आनंद ले सकते हैं।
वहीं सफारी का समय
सुबह: 6:00 बजे से 10:00 बजे तक और शाम: 2:00 बजे से 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
वन विभाग के अनुसार, पार्क अभी खुला हुआ है और अगले कुछ दिनों तक पर्यटक जंगल की प्राकृतिक खूबसूरती, हरियाली और वन्यजीवों का दीदार कर सकते हैं। अगर आप भी इस सीजन में जंगल सफारी का रोमांच और प्रकृति के मनमोहक नजारों को कैमरे में कैद करना चाहते हैं, तो बेतला नेशनल पार्क की यात्रा की योजना अभी बना सकते हैं।






