PM Modi will give a gift to Thawe Junction

गोपालगंज: गोपालगंज जिले का ऐतिहासिक थावे जंक्शन अब पूरी तरह से आधुनिक स्वरूप में नजर आएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों के साथ थावे जंक्शन के नव-निर्मित परिसर का भी लोकार्पण करेंगे। थावे स्टेशन के विकास पर रेलवे ने विशेष ध्यान देते हुए इसे आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं से सुसज्जित किया है। स्टेशन परिसर को न केवल स्वच्छ और सुंदर बनाया गया है, बल्कि यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था भी की गई है। उद्घाटन समारोह को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसमें रेलवे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से थावे जंक्शन का विशेष महत्व है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु प्रसिद्ध थावे सिंहासनी मंदिर के दर्शन के लिए यहां आते हैं। स्टेशन के आधुनिकीकरण से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि उन्हें एक नया अनुभव भी प्राप्त होगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह योजना केवल भौतिक ढांचे के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक प्रगति को भी गति मिलेगी। जैसे ही लोकार्पण की जानकारी जिलेवासियों को मिली, पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों को अब यह उम्मीद भी है कि थावे जंक्शन से होकर और अधिक ट्रेनों का संचालन होगा, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों की सीधी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सकेगी।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA