सासाराम: गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय (जीएनएसयू) के अंतर्गत संचालित नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के विद्यार्थियों के लिए देव मंगल सभागार में ‘आईजीएनआईटीई- अनलॉकिंग योर पोटेंशियल’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संचार कौशल, आत्मविश्वास और व्यावसायिक दक्षता को विकसित करना रहा। सेमिनार के दौरान स्पोकन इंग्लिश, आत्मविश्वास के साथ बातचीत, प्रोफेशनल एटीकेट, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, प्रेजेंटेशन और इंटरव्यू स्किल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया।
आईजीएनआईटीई पहल के सूत्रधार प्रतीक कुमार सिंह ने पूरे सत्र को रोचक एवं संवादात्मक तरीके से संचालित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को झिझक दूर करने तथा अपने व्यक्तित्व और क्षमताओं को निखारकर प्रोफेशनल क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेमिनार चेयरपर्सन डॉ. संगीता सिंह ने की। इस अवसर पर नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डीन-सह-प्रिंसिपल डॉ. धर्मेंद्र कुमार के अलावा असिस्टेंट प्रोफेसर शिवम कुमार, बबलू कुमार एवं पुष्प राज सिंह उपस्थित रहे। सेमिनार में फार्मेसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने संचार एवं व्यक्तित्व विकास कौशल को बेहतर बनाने का प्रयास किया।








