मुंबई: दिग्गज भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। उन्हें सितंबर में राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना गया है।
दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर ने हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस का प्रतिनिधित्व किया। अपने आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज के कारण उनकी तुलना उनके पिता वीरेंद्र सहवाग से की गई। इससे पहले 2024 में कूच बिहार ट्रॉफी में मेघालय के खिलाफ 297 रन की शानदार पारी खेलकर भी आर्यवीर ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
वनडे टीम में विकेटकीपर अन्वय द्रविड़ को भी जगह मिली है। उन्होंने जुलाई में श्रीलंका दौरे पर अंडर-19 टीम की ओर से शानदार 87 रन बनाए थे। हालांकि, आर्यवीर और अन्वय दोनों को दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए चुनी गई टीम में जगह नहीं मिली है।
वनडे में लक्ष्य कप्तान, यशवर्धन उपकप्तान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रीलंका दौरे पर टीम की कमान संभालने वाले यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। मल्टी-डे मुकाबलों में दोनों की भूमिकाएं बदल जाएंगी और यशवर्धन कप्तान तथा लक्ष्य उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर-19 वनडे मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में खेले जाएंगे। इसके बाद पहला मल्टी-डे मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा।
इंडिया अंडर-19 वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी यशवीर, रोहित यादव, शविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल।
इंडिया अंडर-19 मल्टी-डे टीम
यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव।







