Home राष्ट्रीय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक...

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

17
0
Two youths die tragically after being hit by a speeding truck.

धार: मध्यप्रदेश में धार जिले के। मनावर तहसील में धार मार्ग पर राजेंद्रसूरी दादावाड़ी के पास शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गोपालपुरा निवासी बबलू पिता दयाराम कनेल (27) और कमल पिता रामा अजनारे (28) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल स्कूटी सवार की पहचान मनावर निवासी धैर्य पिता राकेश गोयल (18) के रूप में हुई है, जिसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।


प्रत्यक्षदर्शी लकी राठौर ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिल सवार युवक और स्कूटी सवार युवक मनावर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मनावर से मांगोद की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक के पास दोनों दोपहिया वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक असंतुलित होकर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

GNSU Admission Open 2026


थाना प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसका शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है और फरार ट्रक व चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।